दिल्ली में खूनी ‘साइड विवाद’: DTC ड्राइवर को पीट-पीटकर मार डाला, UER-2 पर हंगामा
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-21 स्थित शिव चौक पर शनिवार की देर रात बस चालक को साइड न देने को लेकर हुए विवाद में कार सवारों ने अपने रिश्तेदारों को बुलाकर डीटीसी इलेक्ट्रिक बस चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वहीं, बीच-बचाव कर रहा एक राहगीर भी घायल हो गया।
अमन विहार थाना पुलिस ने बस कंडक्टर के बयान के आधार पर आरोपितों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या दर्ज कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपितों के संभावित ठिकानों पर पुलिस छापेमारी कर रही है। मृतक की शिनाख्त 28 वर्षीय विकास के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि भीड़भाड़ वाली सड़क पर साइड देने को लेकर डीटीसी बस चालक और शादी में आए एक आल्टो कार चालक के बीच झगड़ा हो गया था। आल्टो चालक ने शादी समारोह में मौजूद अपने रिश्तेदारों को बुला लिया। फिर सभी ने बस चालक विकास पर हमला कर दिया। उसकी लात घूसों से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान बीच-बचाव कर रहा एक राहगीर सूरज को भी चोटें आईं।
मारपीट के दौरान विकास के शरीर में अंदरूनी चोट लगी थी। पुलिस अब कार नंबर के जरिए आरोपितों की पहचान कर राहुल नाम के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस झगड़ा करने वाले उसके चाचा और चचेरे भाई के साथ अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।
रोहिणी सेक्टर-37 डीटीसी बस डिपो के कर्मचारियों ने हत्या के विरोध में रविवार को यूईआर-2 पर विरोध प्रदर्शन किया। काफी संख्या में कर्मचारियों ने हाई-वे जाम कर दिया। इस दौरान यूईआर-2 पर करीब डेढ़ से दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंचे पुलिस के जवानों ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। इस दौरान कर्मचारियों ने मांग की है कि बिना किसी देरी सभी आरोपित गिरफ्तार किए जाएं।
कर्मचारी राजबीर सिंह ने बताया कि हम रोजाना सड़कों पर बसें लेकर निकलते हैं। हमें आए दिन किसी न किसी का विरोध झेलना पड़ता है। कुछ कहने पर मारपीट भी करने लग जाते हैं। हमारी सुरक्षा की चिंता किसी को भी नहीं है। सरकार को डीटीसी चालकों की सुरक्षा को लेकर कोई सख्त कानून लाने की जरूरत है।
