जमीन विवाद में खूनी खेल: 20 साल के युवक की बेरहमी से हत्या, एल्यूमिनियम शीट से ढका मिला शव
बिहार के दरभंगा जिले में जमीन विवाद को लेकर एक 20 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई है। मब्बी थाना क्षेत्र के मौलागंज मोहल्ला में शनिवार की देर रात तेज आवाज बाजा के संचालक साजन कुमार (20) की हत्या कर शव को घर से करीब पांच मीटर की दूरी पर एल्यूमिनियम शीट से ढक दिया गया।
रविवार की सुबह जब आस-पड़ोस के लोग मवेशियों के गोबर को फेंकने निकले, तो एल्यूमिनियम शीट के पास खून के धब्बे देखकर शोरगुल किया। लोगों ने शीट को हटाकर देखा, तो साजन कुमार का शव पड़ा था। उसके सिर पर भारी सामान से प्रहार किया गया था और चेहरे पर कटे का निशान पाया गया।
स्वजन के अनुसार, कुछ माह पहले मौलागंज चौक पर पट्टीदार रामशीष महतो से भूमि विवाद हुआ था। इसको लेकर साजन की हत्या कर दी गई है। साजन रात में खाना खाकर घर से करीब 10 मीटर की दूरी पर स्थित बथान पर सोने के लिए चला गया था। बथान पर ही वह अपने बाजा का सामान रखकर उसका संचालन करता था। पांच भाइयों में सबसे छोटा साजन अविवाहित था।
सूचना पर पहुंची मब्बी थाने की पुलिस एवं एफएसएल की टीम मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
