नेताजी सुभाष जयंती पर 23 जनवरी को होगी ब्लैक आउट मॉक ड्रिल, UP सरकार का आदेश
जनपद में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के दिन 23 जनवरी को नागरिकों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित विभागों के द्वारा ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव ने मॉकड्रिल के आयोजन के संबंध में जिलाधिकारियों को पत्र भेजा है। इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है।
प्रमुख सचिव ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में कहा है कि 23 जनवरी को शाम छह बजे नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा डीडीएमए, एसडीआरएफ, अग्निशमन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग के साथ ही सभी संबंधित विभाग मॉक ड्रिल आयोजित करेंगे। इस दौरान हवाई हमले की चेतावनी के लिए सायरन बजाया जाएगा, जिसके तुरंत बाद विद्युत व्यवस्था बाधित कर ब्लैक आउट किया जाएगा। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने का निर्देश दिया जाएगा।
हवाई हमले की समाप्ति पर ‘आल क्लियर’ ध्वनि का सायरन बजने के बाद, नागरिकों और स्वयंसेवकों को आग बुझाने के तरीके बताए जाएंगे। अग्निशमन दल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास करेगा। हमले में घायल लोगों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराकर अस्पतालों में भेजने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया जाएगा। क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के तरीकों की जानकारी भी दी जाएगी। अंत में, अधिकारियों द्वारा मॉक ड्रिल की समाप्ति की घोषणा की जाएगी। यह अभ्यास राज्य की आपातकालीन तैयारियों को मजबूत करेगा।
