कानपुर में पीएम आवास योजना के तहत 4500 लाभार्थियों को मिलेगी आर्थिक सहायता, जानें कब आएंगे पैसे
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत कानपुर में जरूरतमंदों को बड़ी सौगात मिली है। शासन ने योजना के तहत भेजी गई 4500 पात्र लाभार्थियों की सूची को स्वीकृति दे दी है। अब बहुत जल्द इन लाभार्थियों के बैंक खातों में आवास निर्माण की धनराशि जारी की जाएगी। इस योजना के अंतर्गत कुल 11 हजार आवेदन पत्र डूडा कार्यालय पहुंचे थे, जिनका सत्यापन कराया गया था।
सत्यापन में 5400 आवेदक पात्र पाए गए, जबकि 5600 को अपात्र घोषित कर दिया गया। अपात्रों में अधिकांश वे थे जिनके पास पहले से पक्का मकान था। ऐसे नामों को सूची से हटा दिया गया ताकि जरूरतमंदों को लाभ मिले। पात्र पाए गए 5400 में से 4500 लाभार्थियों की सूची शासन को भेजी गई थी, जिस पर अब मुहर लग चुकी है।
भुगतान प्रक्रिया की तैयारी की जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को मकान निर्माण के लिए तीन किस्तों में कुल 2.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। पहली और दूसरी किस्त में एक-एक लाख और तीसरी किस्त में 50 हजार रुपये मिलेंगे। इस योजना का लाभ मिलने से हजारों परिवारों को पक्के घर का सपना पूरा होगा।
