बिहार: नालंदा में भीषण road accident, हाइवा ने चाचा-भतीजे को कुचला, मौके पर मौत
बिहार के नालंदा जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चाचा और भतीजे की मौत हो गई। यह घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के एनएच-20 पर देवधा गांव के पास हुई, जब एक तेज रफ्तार छड़ लदे हाइवा (ट्रेलर) ने बाइक सवार दोनों युवकों को कुचल दिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान पावा गांव निवासी 41 वर्षीय मिथिलेश कुमार और 39 वर्षीय कमलनयन के रूप में की गई है। दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजे थे और एक ही कंपनी में कार्यरत थे। कमलनयन एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर थे, जबकि मिथिलेश फील्ड एग्जीक्यूटिव के रूप में काम करते थे। दोनों घर से बिहारशरीफ की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। जब शवों को मॉडल अस्पताल लाया गया तो वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। शुरुआत में यह अफवाह फैली कि चालक वाहन लेकर फरार हो गया है, जिससे लोगों का गुस्सा बढ़ गया। हालांकि, बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया गया है।
दीपनगर थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन नंबर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों द्वारा आवेदन मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर रो-रोकर बुरा हाल है।
