कौशांबी में मतदाता सूची पुनरीक्षण में बड़ा खुलासा: 25,383 मतदाता मृत, 6,595 लापता
कौशांबी जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) का काम चार नवंबर से चल रहा है। बूथ लेवल आफिसर (बीएलओ) द्वारा मतदाताओं को शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरित किया जा चुका है। सर्वे के दौरान कुल 25,383 मतदाता मृतक पाए गए हैं, 6,595 मतदाता अनुपस्थित (अनट्रेस) मिले हैं, यानी बीएलओ के उनके घर जाने पर वह मिले नहीं हैं।
इसी प्रकार 41,419 मतदाता दूसरे शहरों एवं राज्यों में स्थायी रूप से शिफ्ट हो गए हैं। बहरहाल, अनट्रेस मतदाताओं के लिए चुनाव आयोग ने रोल बैक का विकल्प दिया है। इससे अगर वह यहां आकर अपना मतदाता गणना प्रपत्र भरना चाहें तो भर सकते हैं।
जिले की तीनों विधानसभा (सिराथू, मंझनपुर व चायल) में कुल 12,20,792 मतदाता हैं। इन मतदाताओं का एसआइआर जिला प्रशासन द्वारा करवाया जा रहा है। इसके लिए कुल 1277 बूथों पर सर्वे के लिए 1277 बीएलओ तैनात किए गए हैं। पहले इसके लिए समय सीमा चार दिसंबर तय थी, लेकिन चुनाव आयोग ने अब एक सप्ताह के लिए समय सीमा बढ़ा दी है। इससे जिला प्रशासन को काफी सहूलियत हुई है।
हालांकि, 30 नवंबर तक कुल मतदाताओं में 7,560,95 (61.93 प्रतिशत) के गणना प्रपत्र बीएलओ द्वारा भरवाए जा चुके थे, लेकिन एक दिसंबर को इसमें और वृद्धि हुई है। यह प्रतिशत करीब 67-68 प्रतिशत पहुंच जाने का अनुमान है। वहीं, जो 25,383 मतदाता मृत हो चुके हैं, वह कुल मतदाता का 2.08 प्रतिशत है। 6,595 मतदाता अनट्रेस पाए गए हैं, जिनकी प्रतिशतता 0.54 है। वहीं, 41,419 मतदाता ऐसे हैं जो शिफ्ट हो गए हैं। इनका परसेंटेज 3.39 है। 795 मतदाता अन्य (अदर्श) में हैं, जिनका प्रतिशत 0.07 प्रतिशत है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी शालिनी प्रभाकर का कहना है कि जो मतदाता ट्रेस नहीं हो सके हैं, उनके लिए चुनाव आयोग द्वारा ईआरओ की लागिन पर रोल बैक का विकल्प दिया गया है। अगर यह मतदाता आकर अपना गणना प्रपत्र भरना चाहें तो वह उसे बीएलओ से भरवा सकते हैं। ऐसा होने पर अनट्रेस मतदाताओं की संख्या में कमी आ सकती है।
