बिहार के सरकारी शिक्षकों को बड़ी राहत, नए वेतनमान के आधार पर जल्द मिलेगा नवंबर का वेतन
बिहार के सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों के लिए यह एक महत्वपूर्ण घोषणा है। शिक्षा विभाग ने नवंबर माह के वेतन भुगतान को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। अब शिक्षकों को उनका वेतन नए वेतनमान के आधार पर जल्द ही मिलेगा। विभागीय अधिकारियों के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव ने निर्धारित समय सीमा के भीतर वेतन भुगतान का आदेश दिया है।
इस आदेश के बाद डीईओ (जिला शिक्षा पदाधिकारी) ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने सभी एचएम (हेडमास्टर), बीईओ (प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी) और डीपीओ (जिला कार्यक्रम पदाधिकारी) को आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। लापरवाही बरतने वालों पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, 6 दिसंबर तक सभी शिक्षकों का नवंबर माह का वेतन नए वेतन के आधार पर भुगतान किया जाएगा। विशिष्ट अध्यापकों का एरियर भुगतान भी 6 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है, जबकि वेतन भुगतान सेवा पुस्तिका पर प्रविष्टि का कार्य 10 दिसंबर तक कैंप मोड में किया जाएगा। शिक्षकों को 5 दिसंबर तक अपनी सेवा पुस्तिका पर वेतन निर्धारण और एरियर विपत्र पत्र तैयार कर एचएम से हस्ताक्षर कराकर 6 दिसंबर तक बीआरसी के लेखापाल के पास जमा कराने को कहा गया है।
