बिहार की जीविका दीदियों के लिए बड़ी खबर! बैंक ने बांटे 106 करोड़, महिलाओं को मिलेगी आर्थिक मजबूती
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा समस्तीपुर में स्वयं सहायता समूह ऋण एवं वित्तीय साक्षरता अभियान का आयोजन किया गया। शहर के दादपुर स्थित एक निजी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कल्याण कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जीविका समूह की दीदियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों के लिए कुल 106 करोड़ 57 लाख रुपये की राशि वितरित की गई।
बैंक के एमडी और सीईओ कल्याण कुमार ने कहा कि 31 मार्च 2026 तक एसएचजी ऋण पोर्टफोलियो को दोगुना किया जाएगा, ताकि महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण प्रक्रिया को और गति मिल सके। उन्होंने ‘सेंट नारी शक्ति योजना’ के अंतर्गत महिलाओं को 1 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी जताई। अधिकारियों ने बैंक की विभिन्न योजनाओं, डिजिटल सेवाओं और वित्तीय सुरक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी दी।
कार्यक्रम स्थल पर जीविका दीदियों द्वारा आकर्षक स्टाल लगाए गए थे, जिनमें मधुबनी पेंटिंग, हस्तशिल्प सामग्री और घरेलू उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। एमडी सहित सभी अतिथियों ने स्टॉलों का भ्रमण किया और उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की। भ्रमण के दौरान एमडी ने सुझाव दिया कि जीविका दीदियों के उत्पादों के लिए आनलाइन मार्केटिंग प्लेटफार्म उपलब्ध कराए जाएं, जिससे ये उत्पाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाज़ार तक पहुंच सके।
