भागलपुर में दाखिल-खारिज आवेदनों पर सख्ती: डीएम का एक्शन, कमियों पर सुधार के निर्देश
भागलपुर में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा भवन में निरीक्षण प्रतिवेदन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कार्यालयों की कार्यप्रणाली और कमियों पर चर्चा की गई। सूत्रों के अनुसार, डीएम ने अधिकारियों को कमियों को सुधारने के निर्देश दिए और दाखिल-खारिज के आवेदनों पर बार-बार आपत्ति लगाने वाले कर्मचारियों को चिह्नित करने का आदेश दिया।
बैठक में 18 नवंबर को किए गए निरीक्षण के परिणामों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने पंजी, रोकड़ बही, पीएम आवास योजना, सीएम आवास योजना, दाखिल-खारिज परिमार्जन, ई-मापी, सीपीग्राम्स, ई-डैक्स बोर्ड, आधार केंद्र, आरपीएस केंद्र, लोक शिकायत निवारण, पंचायत सरकार भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, चिकित्सा केंद्र, प्रखंड कृषि कार्यालय सहित विभिन्न कार्यालयों की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। डीएम ने तीनों अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र के सभी नगर निकायों का निरीक्षण करने और प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जहां भी भवन या अन्य आधारभूत संरचना से संबंधित निर्माण कार्य चल रहा है, उसकी जांच अलग विभाग के अभियंता से कराई जाए ताकि गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, शौचालय की स्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, लाइब्रेरी की स्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता का विशेष मूल्यांकन करने का निर्देश दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, डीएम ने प्रखंडों के पंचायत सरकार भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, अस्पताल, स्कूल, पीडीएस दुकानों, जन वितरण प्रणाली की दुकान, खाद दुकान एवं मध्याह्न भोजन व्यवस्था की समुचित जांच कराने पर जोर दिया। मार्केटिंग ऑफिसर को पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसियों की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई।
डीएम ने अपर समाहर्ता को उन कर्मचारियों को चिह्नित करने का निर्देश दिया जो दाखिल-खारिज के आवेदनों पर बार-बार आपत्तियां लगाकर फाइल लौटा रहे हैं। हर अंचल से कम से कम 10 ऐसे मामलों की पहचान करने का आदेश दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी थाना दिवस के दिन संयुक्त रूप से अंचल क्षेत्र का भ्रमण करेंगे और गंभीर मामलों के निराकरण पर विशेष ध्यान देंगे। रंगरा चौक प्रखंड मुख्यालय के क्षतिग्रस्त पहुंच पथ को लेकर जिलाधिकारी ने आरडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा और कनीय एवं सहायक अभियंता का वेतन स्थगित कर दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
