गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व से पहले आगरा में निकलेगा भव्य नगर कीर्तन, वीरता और बलिदान की गाथा होगी प्रदर्शित
आगरा में सिख धर्म के 10वें गुरु सरवंशदानी गोबिंद सिंह साहिब के प्रकाश पर्व से पूर्व 14 दिसंबर को भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा। यह शोभायात्रा गुरुद्वारा माईथान से आरंभ होकर गुरुद्वारा गुरु का ताल तक जाएगी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गुरु साहिब की वीरता, पराक्रम और बलिदान की गाथा को जन-जन तक पहुंचाना है।
नगर कीर्तन 14 दिसंबर को सुबह 10 बजे गुरुद्वारा माईथान से प्रारंभ होगा। गुरु ग्रंथ साहिब को फूलों से सजी भव्य पालकी में विराजमान किया जाएगा। शोभायात्रा में सबसे आगे नौजवान दोपहिया वाहनों के साथ चलेंगे, पीछे दर्जनभर घोड़ों का जत्था होगा, जिन पर सवार सिंह हाथों में निशान साहिब लिए होंगे।
गुरुद्वारा गुरु का ताल के रंजीत अखाड़े के वीर पूरे मार्ग में सिख मार्शल आर्ट गतका का प्रदर्शन पारंपरिक शस्त्रों के साथ करेंगे। पंज प्यारे और निशानची साहिबान पालकी के आगे चलेंगे। संगत नंगे पैर चलते हुए पूरे मार्ग में झाड़ू सेवा, जल छिड़काव और पुष्पवर्षा करेंगी।
