आगरा मेट्रो (Agra Metro) की बेरीकेडिंग हटेगी, लोगों को जाम से मिलेगी राहत
आगरा में मेट्रो परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी आने के बाद अब लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने वाली है। एमजी रोड के बाद अब नेशनल हाईवे-19 पर भी मेट्रो निर्माण के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह कार्य जनवरी के पहले सप्ताह से शुरू होगा, जिससे हाईवे पर यातायात सुगम हो सकेगा।
मेट्रो परियोजना के अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में हाईवे पर तीन मेट्रो स्टेशनों का निर्माण तेजी से चल रहा है। बिजलीघर चौराहा से खंदारी रैंप तक अप लाइन का ट्रैक पूरी तरह से तैयार हो चुका है। इस अप लाइन पर जनवरी के दूसरे सप्ताह से मेट्रो का परीक्षण (ट्रायल रन) शुरू होने जा रहा है, जो लगभग दो महीने तक चलेगा।
जिन स्थानों पर पिलर बनाने का कार्य पूरा हो चुका है, वहां से बैरिकेडिंग हटाई जा रही है। गुरु का ताल कट से सिकंदरा तिराहा तक जनवरी के पहले सप्ताह से बैरिकेडिंग हटाने का कार्य चालू हो जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि हाईवे पर जिन जगहों पर कार्य पूरा हो गया है, उन सभी जगहों से बैरिकेडिंग हटाई जाएगी। इसके साथ ही डिवाइडर का भी निर्माण होगा और सड़क को पहले के मुकाबले अधिक समतल किया जाएगा। संरक्षा के सभी इंतजाम किए जाएंगे ताकि यातायात सुरक्षित रहे।
