बिहार के सभी विश्वविद्यालय समर्थ पोर्टल से जुड़ेंगे, शिक्षा में आएगा सुधार
पटना: बिहार में उच्च शिक्षा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राज्य के सभी पारंपरिक विश्वविद्यालयों को अब ‘समर्थ’ पोर्टल से जोड़ा जाएगा, जिसके लिए उन्हें आवश्यक संसाधन मुहैया कराए जाएंगे। इस पहल के तहत, प्रत्येक विश्वविद्यालय में एक अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष स्थापित किया जाएगा, जिसमें उच्च गुणवत्ता वाली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
बुधवार को उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अजय यादव की अध्यक्षता में हुई एक ऑनलाइन बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इस बैठक में सभी परंपरागत विश्वविद्यालयों के कुलसचिव और समर्थ पोर्टल के नोडल पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि विश्वविद्यालयों में समर्थ पोर्टल के सुचारू कार्यान्वयन के लिए आवश्यक हार्डवेयर सहायता प्रदान की जाएगी। इसमें इंटरैक्टिव पैनल और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सेटअप जैसी महत्वपूर्ण वस्तुएं शामिल होंगी।
इसके अतिरिक्त, प्रत्येक विश्वविद्यालय में सौ छात्रों की क्षमता वाला एक स्मार्ट क्लासरूम भी विकसित किया जाएगा। समर्थ सेल के सुचारू संचालन के लिए विश्वविद्यालयों को तीन-तीन लैपटॉप और आठ-आठ डेस्कटॉप भी उपलब्ध कराए जाएंगे। कालेजों के नोडल अधिकारियों, अकाउंटेंट और डीओई के लिए भी तीन-तीन डेस्कटॉप की व्यवस्था की जाएगी, साथ ही नेटवर्किंग सहायता भी प्रदान की जाएगी।
उच्च शिक्षा सचिव अजय यादव ने इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को विभाग के पूर्ण समर्थन का आश्वासन देते हुए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विभाग हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है। बैठक में मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. घनश्याम राय और समर्थ के नोडल अधिकारी डॉ. संदीप कुमार टाटा ने उन मॉड्यूल पर विस्तृत चर्चा की जो सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं।
इस महत्वपूर्ण बैठक में पटना विश्वविद्यालय, मगध विश्वविद्यालय, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, मौलाना मजहरुल हक अरबी-फारसी विश्वविद्यालय, पूर्णियां विश्वविद्यालय, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय और जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कुलसचिवों सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए। संचालन परामर्शी बैधनाथ यादव ने किया।
