बेकाबू ऑटो पोल से टकराया, पांच यात्री घायल, दूसरे हादसे में बाइक सवार दो गंभीर
शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के छैछापुर चौराहा के पास एक ऑटो अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराया। इस भीषण हादसे में ऑटो में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूत्रों के अनुसार, घायल यात्रियों की पहचान ईशान पुत्र शकूर, कौशर बानू पत्नी अयूब खान, सलमा पत्नी मोजिज, आइसी पत्नी हनीफ और मुमताज पत्नी यामीन के रूप में हुई है। ये सभी सैलई गांव के निवासी थे और थाना नसीरपुर क्षेत्र के किसी गांव की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका ऑटो छैछापुर चौराहा के पास पहुंचा, अचानक अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार सोलंकी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ऑटो अनियंत्रित होकर टकराया था। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी घायल अस्पताल जा चुके थे। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोटें नहीं आईं और इस संबंध में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
एक अन्य सड़क हादसे में फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ क्षेत्र में शनिवार दोपहर को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक पावर ग्रिड में कार्यरत इंजीनियर अभिषेक रंजन (37) और उनके साथी मोनू यादव (28) शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिषेक रंजन अपने साथी मोनू यादव के साथ शिकोहाबाद से आगरा की ओर जा रहे थे। उनकी बाइक जैसे ही थाना रामगढ़ क्षेत्र के चनौरा पुल के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत सरकारी एंबुलेंस को बुलाया। घायलों को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगरा रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिजन ट्रामा सेंटर पहुंच गए।
