लखनऊ में सहायक आयुक्त की पत्नी और बेटी से मारपीट, अलाव विवाद में तीन पर FIR
लखनऊ के चिनहट इलाके में अलाव जलाने के मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया है। एक महिला ने पड़ोस में रहने वाले तीन लोगों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने खुद को सहायक आयुक्त की पत्नी बताया है और कहा है कि पड़ोसियों ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ भी मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चिनहट इलाके में किराए पर रहने वाली पारुल चौबे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी नाबालिग बेटी चैतन्या पांडेय के साथ रहती हैं। 20 दिसंबर को उनके घर के सामने पड़ोस में रहने वाले शिवांगी सिंह, सलोनी सिंह और अंश सिंह अलाव जला रहे थे। जब पीड़िता ने उन्हें अलाव हटाने के लिए कहा, तो तीनों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि पड़ोसियों ने उसकी बेटी के साथ भी मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पारुल चौबे ने एफआईआर में बताया कि उनके पति सहायक आयुक्त हैं, लेकिन उनका उनसे कुछ न्यायिक विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि इसी विवाद का फायदा उठाकर उन्हें और उनकी बेटी को परेशान किया जा रहा है। चिनहट पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
