दुश्मन पर कड़ा आघात करने के लिए सेना की नई रणनीति, रेलगाड़ी से कश्मीर पहुंचने लगे टैंक-तोपखाने
भारतीय सेना ने अपनी रणनीतिक और लॉजिस्टिक क्षमताओं को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब युद्ध की स्थिति में दुश्मन पर कड़ा आघात करने के लिए सेना के बड़े टैंक, तोपखाने और इंजीनियरिंग उपकरण रेलगाड़ी से देश के किसी भी हिस्से से जल्द कश्मीर पहुंच जाएंगे। यह कदम इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पहले सड़क मार्ग से इन भारी साजो-सामान को कश्मीर तक पहुंचाने में कई दिन लग जाते थे, और भारी ट्रैफिक के बीच से गुजरना एक बड़ी चुनौती होती थी।
सेना ने विजय दिवस के अवसर पर एक स्पेशल ट्रेन के जरिए टैंकों, भारी तोपखाने और इंजीनियरिंग उपकरणों को जम्मू से कश्मीर घाटी के अनंतनाग अनंतनाग तक सफलतापूर्वक पहुंचाया। उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक का उपयोग करके किया गया यह ट्रायल सफल रहा। इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने साबित कर दिया कि अब किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए भारतीय सेना कम समय में भारी सैन्य संसाधनों को कश्मीर घाटी या लद्दाख तक पहुंचा सकती है।
इस नई व्यवस्था से सेना की प्रतिक्रिया क्षमता कई गुना बढ़ेगी। अब गर्मी, सर्दी या बरसात के मौसम की चुनौतियां सेना के साजो-सामान की आवाजाही को नहीं रोक पाएंगी। सीमांत क्षेत्रों में नई सड़कों और पुलों के निर्माण के साथ-साथ इस रेल लिंक का उपयोग सेना की लॉजिस्टिक व्यवस्था को आधुनिक बनाता है।
रेल मंत्रालय के साथ समन्वय बनाकर अंजाम दी गई यह परियोजना न केवल लोगों की आवाजाही को आसान बनाएगी, बल्कि रक्षा की दृष्टि से भी देश के लिए एक गेम-चेंजर साबित होगी। यह आकस्मिक स्थिति में त्वरित लॉजिस्टिक बिल्डअप क्षमता राष्ट्रीय सुरक्षा को और मजबूत बनाएगी।
