AMU Admission 2026: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी ने जारी किया एंट्रेंस एग्जाम का शेड्यूल, आज से रजिस्ट्रेशन शुरू
देश की प्रतिष्ठित केंद्रीय यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। यूनिवर्सिटी ने अंडरग्रेजुएट (UG), पोस्टग्रेजुएट (PG), डिप्लोमा और प्रोफेशनल प्रोग्राम्स में दाखिले के लिए एंट्रेंस एग्जाम का पूरा शेड्यूल सार्वजनिक कर दिया है। 1 फरवरी 2026 से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की शुरुआत हो चुकी है।
यूनिवर्सिटी के अनुसार, सभी प्रमुख पाठ्यक्रमों में दाखिला एंट्रेंस एग्जाम के आधार पर ही होगा। परीक्षाएं निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित की जाएंगी। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट amucontrollerexams.com के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
UG और BTech की परीक्षा तिथियां
एएमयू ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एंट्रेंस एग्जाम का विस्तृत कैलेंडर जारी किया है। बीए (ऑनर्स) पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा 12 अप्रैल और 19 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। 19 अप्रैल 2026 को ही बीटेक, बीआर्क और बीबीए जैसे तकनीकी और प्रोफेशनल कोर्सेज की परीक्षाएं भी होंगी।
सीनियर सेकेंडरी और डिप्लोमा कोर्सेज
26 अप्रैल 2026 को सीनियर सेकेंडरी स्कूल (साइंस स्ट्रीम), डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग और सीनियर सेकेंडरी स्कूल (ह्यूमैनिटीज व कॉमर्स स्ट्रीम) की प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसी दिन ब्रिज कोर्स एंट्रेंस एग्जाम भी होगा। यह परीक्षा उन उम्मीदवारों के लिए रखी गई है, जिन्होंने किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या एएमयू से मान्यता प्राप्त मदरसों से 10+2 या समकक्ष योग्यता प्राप्त की है।
MBA और PG कोर्सेज के लिए महत्वपूर्ण दिन
AMU Admission प्रक्रिया में 7 जून 2026 का दिन सबसे व्यस्त माना जा रहा है। इस दिन एमबीए के कई स्पेशलाइजेशन जैसे इंटरनेशनल बिजनेस, इस्लामिक बैंकिंग एंड फाइनेंस, फाइनेंशियल मैनेजमेंट, टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट, इंश्योरेंस एंड रिस्क मैनेजमेंट, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट और हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन की परीक्षाएं होंगी। इसके साथ ही मास्टर ऑफ पब्लिक हेल्थ (MPH), मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) और बीएड की प्रवेश परीक्षाएं भी इसी दिन आयोजित की जाएंगी।
आवेदन प्रक्रिया और शुल्क
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले एएमयू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। होमपेज पर एडमिशन सेक्शन में जाकर रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करना होगा, फिर ईमेल आईडी और पासवर्ड से लॉग-इन करके आवेदन फॉर्म भरना होगा। जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद ऑनलाइन माध्यम से आवेदन शुल्क जमा करना अनिवार्य है। आवेदन शुल्क कोर्स के अनुसार 750 रुपये से लेकर 1,050 रुपये तक रखा गया है। उम्मीदवारों को यह भी ध्यान रखना होगा कि वे केवल एक ही आवेदन फॉर्म भरें, भले ही वे एक से ज्यादा कोर्स के लिए आवेदन कर रहे हों।
