यूपी में आंधी-बारिश-ओले का अलर्ट, 50-60 किमी की स्पीड से चलेगी हवाएं | UP Weather
उत्तर प्रदेश में अचानक बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत दी है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार को दिनभर बादलों के छाए रहने के बाद शाम को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए शुक्रवार को ओलावृष्टि और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
इस बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की तैयार फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। गेहूं और सरसों की फसलें खेतों में बिछ गईं, जबकि आलू की खुदाई का काम भी प्रभावित हुआ है। मार्च में गर्मी ने अप्रैल जैसे हालात पैदा कर दिए थे, जब पारा 38 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था। गुरुवार को अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शाम चार बजे के बाद मौसम में आए बदलाव के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई और निचले इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। बिजली कंपनियों ने एहतियात के तौर पर आपूर्ति बंद कर दी थी, जिसे बाद में बहाल किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति अगले 24 घंटों तक बनी रह सकती है, जिसमें ओलावृष्टि की भी संभावना है।
