आगरा में ‘रोटी वाली अम्मा’ की दुकान हटने से जीवनयापन का संकट, नगर निगम लगा रहीं चक्कर | agra news
उत्तर प्रदेश के आगरा में गरीबों और जरूरतमंदों को बेहद कम दाम में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने वाली 82 वर्षीय भगवान देवी, जिन्हें देश भर में ‘रोटी वाली अम्मा’ के नाम से जाना जाता है, इन दिनों गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही हैं। सेंट जोंस रोड पर लंबे समय से फुटपाथ पर दुकान चलाकर अपना गुजर-बसर करने वाली अम्मा की दुकान को नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत तुड़वा दिया है। इस कार्रवाई के बाद से बुजुर्ग महिला के पास आय का कोई जरिया नहीं बचा है।
पति के निधन के बाद बेटे द्वारा घर से निकाले जाने पर भगवान देवी ने भीख मांगने के बजाय मेहनत कर खाने का संकल्प लिया था। साल 2020 में उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वे सुर्खियों में आई थीं, जिसके बाद सरकार और कई सामाजिक संगठनों ने उनकी आर्थिक मदद की थी। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत उनका पंजीकरण भी हुआ था और उन्हें कोरोना योद्धा व मिशन शक्ति जैसे सम्मान भी मिले थे।
हालांकि, शहर में मेट्रो परियोजना के कार्य शुरू होने के बाद अतिक्रमण के नाम पर उनकी दुकान का स्थान उखाड़ दिया गया। पिछले चार महीनों से अम्मा नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काटने को विवश हैं ताकि उन्हें कोई अन्य ठिकाना मिल सके। इस संबंध में अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र यादव ने बताया कि बुजुर्ग महिला को स्ट्रीट वेंडिंग जोन योजना के तहत नई जगह आवंटित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर रोजगार छिनने की इस घटना से आम जनता में सहानुभूति का माहौल है और लोग उनके पुनर्वास की मांग कर रहे हैं।
