0

आगरा में सोशल मीडिया रील बनाने के दौरान दर्दनाक हादसा, संतुलन बिगड़ने से सिर धड़ से अलग हुआ | agra news

By Oct 20, 2024

उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने की चाहत एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। घटना थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नमक की मंडी स्थित सर्राफा बाजार की है, जहां एक युवक की रील बनाने के चक्कर में गर्दन कटने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

मृतक की पहचान 20 वर्षीय आसिफ के रूप में हुई है, जो आबाद नगर थाना ताजगंज का रहने वाला था और यहां एक ज्वेलरी की दुकान पर काम करता था। शनिवार सुबह करीब दस बजे आसिफ अपने साथियों के साथ दुकान खोलने पहुंचा था। दुकान पर काम करने के दौरान उसने सोशल मीडिया के लिए एक वीडियो रील बनाने की सोची। सामने आए वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वह एक गाने पर स्लो-मोशन में डांस कर रहा था।

डंस करते-करते युवक ने गैलरी में लगे लोहे के जाल को ऊपर उठाया, जिससे उसका संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया। संतुलन खोने के कारण वह चौथी मंजिल से फिसलकर तीसरी मंजिल पर जा गिरा और वहां लोहे के जाल व ढांचे की चपेट में आने से उसका सिर धड़ से अलग हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास खून फैल गया। दुकान मालिक तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस तरह की घटनाएं समाज में गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं, जहां युवा मामूली सी लोकप्रियता के लिए अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों ने अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी है, फिर भी पुलिस अपने स्तर पर वायरल वीडियो और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की पूरी सच्चाई का पता लगाने में जुटी है।

About News Desk

Journalist covering latest updates.

साझा करें