आगरा के दयालबाग इलाके में मिला अज्ञात शव, क्षेत्र में फैली सनसनी | agra news
उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा उस समय सवालों के घेरे में आ गई जब एक लावारिस हालत में मिला शव मिला। घटना दयालबाग इलाके की है, जहां राधा स्वामी सत्संगियों द्वारा बनाए गए गेट के पास और नहर के नजदीक स्थित एक खेत में यह क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
शव की स्थिति बेहद भयावह है, क्योंकि कई दिन पुराना होने के कारण जंगली जानवरों ने उसे बुरी तरह नोंच लिया है। इस वजह से मृतक की पहचान करना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सूरज राय ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए आसपास के सभी पुलिस थानों में विवरण साझा कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के असल कारणों और समय का पता चल सके।
इस इलाके में कुछ समय पहले ही प्रशासन और सत्संगियों के बीच भूमि विवाद को लेकर तीखी झड़प देखने को मिली थी, जिसके बाद से यह क्षेत्र संवेदनशील बना हुआ है। ऐसे में एक अज्ञात शव मिलने से स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
