लखनऊ एयरपोर्ट से 6 धार्मिक स्थलों के लिए AC बस सेवा, UP tourism को मिलेगा बढ़ावा
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से अब राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए सीधी एसी बस सेवा शुरू होने जा रही है। परिवहन निगम और एयरपोर्ट प्रशासन के बीच हुए 50 साल के समझौते के तहत यह सेवा शुरू की जा रही है। पहले चरण में 18 नई एसी बसें चलाई जाएंगी, जिनका मुख्य उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को सुविधा देना है।
इन बसों के चालक और परिचालकों को विशेष रूप से पर्यटकों के साथ व्यवहार करने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। बसों का समय विभिन्न राज्यों से आने वाली फ्लाइटों के समय के अनुसार निर्धारित किया जाएगा, ताकि यात्री एयरपोर्ट से उतरते ही सीधे बस सेवा का लाभ उठा सकें। यात्री ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से सीटों की बुकिंग कर सकेंगे।
यह सेवा लखनऊ एयरपोर्ट को छह प्रमुख धार्मिक स्थलों से जोड़ेगी। इनमें अयोध्या धाम, सीतापुर का नौमिषारण, वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर, प्रयागराज का संगम तीर्थ, कुशीनगर का बुद्ध सर्किट और सारनाथ शामिल हैं। 43 सीटर वाली ये बसें इन सभी तीर्थस्थलों के लिए नियमित रूप से चलेंगी। यह नई पहल राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
