जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण को थानों पर लगा समाधान दिवस, कई शिकायतें मौके पर सुलझीं
जन समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से जिले भर के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने आमजन की शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और उनका निराकरण करने का प्रयास किया।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने स्वयं थाना ढोलना पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस मौके पर कुल तीन शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से दो का मौके पर ही समाधान करा दिया गया। एक अन्य शिकायत के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने तहसीलदार के नेतृत्व में एक टीम गठित करने के निर्देश दिए, ताकि समस्या का शीघ्र अति शीघ्र निराकरण सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सक्षम अधिकारीगण स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों का निराकरण कराएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई शिकायत झूठी पाई जाती है, तो शिकायतकर्ता के विरुद्ध भी कार्रवाई की जानी चाहिए। हर हाल में समस्याओं का समाधान होना आवश्यक है।
इसी क्रम में, कोतवाली सोरों में अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, थाना सहावर, कोतवाली गंजडुंडवारा, ढोलना, सिकंदरपुर वैश्य, सिढ़पुरा, सुन्नगढ़ी, पटियाली सहित अन्य थानों में भी थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में फरियादियों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं बताईं और उनका समाधान प्राप्त किया।
