सारनाथ में उपनिरीक्षक के बंद घर में लाखों की चोरी, चोरों ने फ्रिज तक खंगाला
वाराणसी के सारनाथ स्थित सारनाथ इन्क्लेव कॉलोनी में एक उपनिरीक्षक के बंद मकान में चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने घर के हर कोने को खंगालते हुए किचन में रखे फ्रिज तक को नहीं छोड़ा। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
बताया जाता है कि गोरखपुर निवासी अनिल यादव ने सारनाथ के खजुही स्थित सारनाथ इन्क्लेव कॉलोनी में अपना मकान बनवाया है। वर्तमान में वे जौनपुर जिले के जफराबाद थाने में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। शनिवार दोपहर बाद अनिल यादव अपने परिवार सहित अपनी पोती के मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए गोरखपुर गए थे। जाने से पहले उन्होंने पड़ोस की मंजू से अपने मकान पर नजर रखने को कहा था।
मकान को बंद देखकर चोरों ने बाउंड्री फांदकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने मुख्य दरवाजे की कुंडी तोड़कर घर में घुसपैठ की। चोरों ने तीन कमरों के ताले तोड़े और उनमें रखी अलमारियों को चांडकर लाखों रुपये के कीमती सामान चुरा लिए। चुराए गए सामान में 12 सोने की अंगूठियां, हार, दो जोड़ी कान के झुमके, मांगटीका, नथिया, दो जोड़ी कान की बाली, झाला, चेन, तीन जोड़ी चांदी की पैजनी और 12 बिछिया शामिल हैं। इसके साथ ही चोर एक लाख रुपये नकद भी ले गए। यह आभूषण पुत्री के विवाह के लिए रखे गए थे।
चोरी के दौरान चोरों ने पूरे मकान को इत्मीनान से खंगाला। यहां तक कि वे किचन में भी घुसे और फ्रिज को भी खोलकर देखा। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर दक्षिण दिशा के दरवाजे से फरार हो गए।
रविवार सुबह जब पड़ोस की मंजू ने घर का दरवाजा खुला देखा, तो उन्होंने तत्काल अनिल यादव को फोन पर सूचना दी। चोरी की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डॉग स्क्वायड टीम भी बुलाई गई, लेकिन खोजी कुत्ता मकान के पूरब दिशा की तरफ लगभग 100 मीटर जाकर रुक गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
