विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, दहेज उत्पीड़न का आरोप; ससुरालियों पर FIR
वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 22 वर्षीय रीना राजभर ने बीती रात अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक घटना के बाद ससुराल पक्ष ने मायके वालों को सूचित किए बिना ही शव का अंतिम संस्कार करने का प्रयास किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच गहरा विवाद उत्पन्न हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, दिलावलपुर निवासी रंजीत कुमार राजभर की पत्नी रीना राजभर ने बीती रात पंखे की कुंडी से साड़ी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों ने जब उसे फांसी पर लटकता देखा, तो उसे वाराणसी के हेरिटेज अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ससुराल पक्ष ने बिना मायके पक्ष को सूचना दिए आनन-फानन में रीना का अंतिम संस्कार करने की कोशिश की।
जैसे ही मायके पक्ष को इस घटना की जानकारी मिली, वे मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस और मारपीट हुई। पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका के पिता बालेश्वर की तहरीर पर कपसेठी थाने में पति रंजीत राजभर, सास आरती, ससुर राजेश राजभर, देवर अजीत राजभर, नानी मनभावती देवी, मौसी संगीता देवी और मामा गोरख राजभर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बालेश्वर ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी रीना की शादी 24 फरवरी 2023 को हुई थी और उसका एक साल का बेटा भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग लगातार उनसे ₹2 लाख दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उन्होंने रीना को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया, जिसके चलते उसने यह घातक कदम उठाया। बालेश्वर ने यह भी बताया कि रीना ने अपनी छोटी बहन आरती से एक दिन पहले फोन पर कहा था, “हम नहीं जी पाएंगे, मेरे बेटे का ध्यान रखना।”
इस मामले में कपसेठी के कार्यवाहक थानाध्यक्ष ने बताया कि दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसीपी राजातालाब मामले की गहन जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
