दिल्ली दिवाली: सीएम रेखा गुप्ता और एलजी सक्सेना की खास अपील, प्रदूषण मुक्त पर्व मनाएं
दिल्ली में दिवाली के पावन अवसर पर, कार्यवाहक मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्लीवासियों से पर्यावरण को सुरक्षित रखने, प्रदूषण कम करने और शांतिपूर्वक त्योहार मनाने की विशेष अपील की है। दोनों नेताओं ने प्रेम और भाईचारे के साथ दिवाली मनाने का संदेश दिया, जिसमें पटाखों से दूरी और पारंपरिक उत्सवों पर जोर दिया गया है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने भले ही सुप्रीम कोर्ट जाकर दीवाली पर पटाखे छुड़ाने की छूट जनता के लिए ले ली है, मगर इसके साथ ही सरकार प्रदूषण को लेकर भी चिंतित है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जनता से अपील की है कि लोग पटाखे छुड़ाएं, मगर केवल ग्रीन पटाखे ही छुड़ाएं।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने दिल्लीवासियों को दीवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पर्व पर सभी एक-दूसरे से प्यार और भाईचारा बढ़ाने का संकल्प लें। उन्होंने राजधानी के लोगों से अनुरोध किया कि दिल्ली को प्रदूषण से बचाने के लिए ग्रीन पटाखों का ही उपयोग करें और पारंपरिक तरीके से दीये प्रज्ज्वलित करें, रंगोली को प्राथमिकता दें और मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को खुशहाली का संदेश दें।
उन्होंने आगे कहा, “देश की राजधानी के पर्यावरण को सुरक्षित रखना हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है। हमारी सरकार लगातार जनहित के कार्य कर रही है और विकास योजनाओं को लगातार अमली जामा पहनाकर विकसित दिल्ली के संकल्प को पूरा करने का प्रभावी प्रयास कर रही है।” मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि जनता की शुभकामनाएं भी दिल्ली सरकार के साथ हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि मुख्यमंत्री का सबसे बड़ा कर्तव्य अपने लोगों के प्रति अपनत्व और सेवा की भावना रखना है। उन्होंने दावा किया, “मेरी सरकार पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ दिल्ली की सेवा कर रही है। हमने जनता से जुड़े उन मुद्दों को प्राथमिकता दी है, जो सीधे आपके जीवन को प्रभावित करते हैं।”
वहीं, उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्लीवालों को दीवाली की बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली के लोग प्रतिबंधित पटाखों से दूरी रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रतिबंधित पटाखे छुड़ाने से दिल्ली का प्रदूषण बढ़ सकता है और उससे हम सबके स्वास्थ्य पर असर पड़ता है। दोनों नेताओं का यह साझा संदेश दिल्ली को एक स्वच्छ, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण दिवाली मनाने की दिशा में प्रेरित करेगा।
