दिल्ली के पंजाबी बाग में सनसनीखेज हत्या: युवती की मौत, युवक गंभीर घायल
पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग में शनिवार को एक घर में गोली चलने से सनसनी फैल गई। इस दिल दहला देने वाली घटना में मुस्कान नामक युवती की मौत हो गई, जबकि नीरज नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। नीरज को आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटनाक्रम को समझा जा सके और आरोपियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस दोनों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतका मुस्कान पश्चिम पुरी इलाके की रहने वाली थी, जबकि घायल नीरज पंजाबी बाग में रहता है। शनिवार को मुस्कान के मामा ने पुलिस को सूचना दी कि मुस्कान और नीरज घर में घायल अवस्था में पड़े हुए हैं। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो एक कमरे में युवती और दूसरे कमरे में युवक घायल मिले। जिस घर में यह घटना हुई, वह मुस्कान का ही घर है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुस्कान का कुछ दिन पहले ही तलाक हुआ था और वह तब से इसी घर में रह रही थी। नीरज शादीशुदा है। शनिवार को नीरज मुस्कान के घर आया था, जहां मुस्कान अपनी छोटी बहन के साथ मौजूद थी। बताया जा रहा है कि नीरज ने मुस्कान की छोटी बहन को घर से बाहर भेज दिया था, जिसके कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनी गई। मुस्कान के सिर में गोली का निशान मिला है, जबकि नीरज के सीने में गोली लगी है। पुलिस प्रेम प्रसंग सहित सभी संभावित कोणों से मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल नीरज की गंभीर हालत के कारण उसका बयान दर्ज नहीं हो पाया है, जो इस मामले की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही इस मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।
