माइक्रोसॉफ्ट ने 60 हजार कर्मचारियों को दिया स्वैच्छिक एग्जिट पैकेज | international news
प्रौद्योगिकी की दुनिया में बड़ा कदम उठाते हुए माइक्रोसॉफ्ट ने अपने कार्यबल में फेरबदल की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंपनी ने भारत, अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के चुनिंदा विभागों के लगभग 60,000 कर्मचारियों को स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने का विकल्प यानी बायआउट पैकेज ऑफर किया है। इस रणनीतिक कदम का मुख्य उद्देश्य एआई तकनीक पर अपने संसाधनों और निवेश को तेजी से बढ़ाना है। कर्मचारियों के बीच इस बात को लेकर असमंजस है कि इस प्रस्ताव को ठुकराने पर उन्हें भविष्य में छंटनी का सामना करना पड़ सकता है या नहीं।
कंपनी द्वारा तैयार किए गए इस एग्जिट पैकेज के तहत कर्मचारियों को उनकी वरिष्ठता, कार्य अवधि और आंतरिक स्तर के आधार पर लाभ दिए जा रहे हैं। इसमें सेवरेंस पे यानी विदाई वेतन, लगातार स्टॉक वेस्टिंग और हेल्थ इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं शामिल हैं। जो कर्मचारी अपना खुद का स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं या नया करियर रास्ता चुनना चाहते हैं, उनके लिए यह पैकेज आर्थिक संबल का काम करेगा। हालांकि, प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह एक स्वैच्छिक कार्यक्रम है, लेकिन भविष्य में व्यावसायिक प्राथमिकताओं के आधार पर कार्यबल में अन्य बदलावों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
इस बड़े बदलाव से वैश्विक स्तर पर तकनीकी क्षेत्र में काम करने वाले पेशवरों के बीच नई चर्चा छिड़ गई है। कर्मचारियों के पास इस प्रस्ताव पर विचार करने के लिए दिसंबर की शुरुआत तक का समय है, और जो लोग इसे चुनेंगे वे वर्ष के अंत तक कंपनी से अलग हो जाएंगे। टेक सेक्टर में इस तरह के कदम संकेत देते हैं कि कंपनियां भविष्य की तकनीकों को अपनाने के लिए अपने ढांचे में बड़े पैमाने पर बदलाव कर रही हैं।
