केमिकल वाले शैंपू को कहें अलविदा, घर पर बनाएं रीठा और गुड़हल का नेचुरल शैंपू | lifestyle news
आजकल के भागदौड़ भरे जीवन में बालों की सही देखरेख न हो पाने और केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल से बाल तेजी से कमजोर हो रहे हैं। बाजार में मिलने वाले महंगे शैंपू में सल्फेट और पैराबेन जैसे हानिकारक तत्व होते हैं, जो बालों की नेचुरल चमक छीन लेते हैं और असमय बाल सफेद होने लगते हैं। ऐसे में दादी-नानी के जमाने का नुस्खा यानी रीठा और गुड़हल का नेचुरल शैंपू आपके बालों के लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है।
रीठा और गुड़हल का यह मिश्रण बालों की सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। जहां एक तरफ रीठा स्कैल्प की गहराई से सफाई कर गंदगी और अतिरिक्त तेल को बाहर निकालता है, वहीं दूसरी तरफ गुड़हल के फूल और पत्तियां बालों को डीप कंडीशनिंग देते हैं। इससे बाल मुलायम, घने और मजबूत बनते हैं। इस नेचुरल शैंपू के नियमित उपयोग से बालों से जुड़ी कई समस्याओं से राहत मिल सकती है और इनका टेक्सचर भी सुधरता है।
घर पर नेचुरल शैंपू तैयार करने के लिए सबसे पहले 10-12 सूखे रीठा (बीज निकालकर) और 5-6 गुड़हल के फूलों को तीन से चार गिलास पानी में रातभर के लिए भिगो दें। अगली सुबह इस मिश्रण को धीमी आंच पर 15 से 20 मिनट तक उबालें ताकि सभी पोषक तत्व पानी में अच्छी तरह घुल जाएं। जब मिश्रण गाढ़ा हो जाए तो इसे ठंडा होने दें, हाथों से अच्छी तरह मसलकर छान लें। अब आपका हर्बल शैंपू तैयार है, जिसे एयरटाइट बोतल में भरकर फ्रिज में एक हफ्ते तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
