आठ दिन की न्यायिक हिरासत के बाद जेल से रिहा हुए सौरव दास और आशुतोष रांका | national news
दिल्ली में विभिन्न मामलों के तहत गिरफ्तार किए गए कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को आखिरकार राहत मिल गई है। अदालत ने पुलिस की वह मांग खारिज कर दी जिसमें उनकी हिरासत को तीन दिन और बढ़ाने की अपील की गई थी। इसके साथ ही दोनों नेताओं की न्यायिक हिरासत समाप्त होने पर उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया।
इससे पहले इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में भी सुनवाई हुई थी, जहां अदालत ने निचली अदालत का दरवाजा खटखटाए बिना सीधे उच्च न्यायालय आने पर नाराजगी जताई थी। सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों नेताओं की उम्र पर भी टिप्पणी की थी और कानूनी प्रक्रियाओं की महत्ता पर जोर दिया था। हालांकि, बाद में याचिका वापस ले ली गई थी और मजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेश के बाद रिहाई की प्रक्रिया पूरी हुई।
बता दें कि इन नेताओं के खिलाफ कनॉट प्लेस और संसद मार्ग थाने में सरकारी आदेशों की अवहेलना, लोक सेवकों के काम में बाधा डालने और आपराधिक साजिश जैसी विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए थे। तिहाड़ जेल प्रशासन को मिले आदेश के मुताबिक, यदि किसी अन्य मामले में उनकी जरूरत नहीं है, तो उन्हें रिहा किया जाएगा। इस पूरी कानूनी प्रक्रिया के बीच राजनीतिक हलकों में भी इस घटना की खासी चर्चा रही है।
