ऑनलाइन खाना ऑर्डर करने की आदत बनी तलाक की वजह, परिवार परामर्श केंद्र में हुआ समझौता | agra news
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में खानपान की एक मामूली सी आदत ने हंसते-खेलते परिवार में भूचाल ला दिया। ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप के जरिए रोजाना बाहर का खाना मंगाने की जिद पति-पत्नी के बीच कलह की मुख्य वजह बन गई। स्थिति यहां तक बिगड़ गई कि बात मारपीट और फिर तलाक तक जा पहुंची। इस अजीबोगरीब मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा।
घटना की शुरुआत साल 2024 में हुई नई शादी के कुछ महीनों बाद हुई। एक दिन पति ने शौक-शौक में ऑनलाइन खाना मंगवा लिया, जिसके बाद पत्नी को बाजार के खाने का ऐसा चस्का लगा कि वह हर रोज ऑनलाइन ऑर्डर करने की जिद करने लगी। निजी नौकरी करने वाले पति ने जब बजट और सेहत का हवाला देकर रोज बाहर का खाना खाने से मना किया, तो दोनों में आए दिन झगड़े होने लगे। विवाद बढ़ने पर बात मारपीट तक पहुंच गई, जिससे नाराज होकर पत्नी पिछले दो महीनों से अपने मायके में रह रही थी।
मायके जाने के बाद महिला ने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए इसे परिवार परामर्श केंद्र में ट्रांसफर कर दिया। काउंसलिंग के दौरान काउंसलर ने दोनों पक्षों की बात सुनी और उन्हें समझाया। पति को हिदायत दी गई कि वह कभी-कभार बाहर का खाना मंगा सकता है, वहीं पत्नी को भी समझाया गया कि रोज-रोज का बाहर का खानपान सेहत और परिवार दोनों के लिए हानिकारक है।
इस तरह की पारिवारिक कलह यह दर्शाती है कि छोटी-छोटी आदतें और आपसी संवाद की कमी कैसे बड़े रिश्तों में दरार डाल सकती है। परामर्श केंद्र के प्रयासों से दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया है और वे एक बार फिर साथ रहने के लिए राजी हो गए हैं। अधिकारियों ने दंपती को भविष्य में समझदारी से काम लेने की सलाह दी है।
