0

आगरा में स्कूटी सवार युवती से छेड़खानी और पीछा करने का वीडियो वायरल, दो गिरफ्तार | agra news

By Aug 19, 2024

उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मनचलों की कायराना हरकत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुरानी मंडी इलाके से एक युवती अपनी स्कूटी पर सवार होकर जा रही थी, तभी दो बाइकों पर सवार पांच बदमाशों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने लगभग तीन किलोमीटर तक युवती का पीछा किया, उस पर अश्लील टिप्पणियां कीं और स्कूटी गिराकर उसे नुकसान पहुँचाने की कोशिश की। इस खौफनाक वाकये ने एक बार फिर शहर में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

युवती अपनी जान बचाने और मनचलों से बचने के लिए विक्टोरिया पार्क से होते हुए यमुना किनारा रोड की तरफ भागी। गनीमत रही कि हाथी घर के पास से गुजर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मी राजीव की नजर इन बदमाशों पर पड़ी। उन्होंने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए युवती को बचाने का प्रयास किया। जब पुलिसकर्मी ने युवकों को रोकने की कोशिश की, तो वे उनसे भी उलझ गए। इसके बाद सतर्क पुलिसकर्मी ने छत्ता चौकी इंचार्ज को तुरंत सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी।

पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गुदड़ी मंसूर खां निवासी यूसुफ और हींग की मंडी निवासी फिरोज को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार फैजान और अन्य फरार साथियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। एंटी रोमियो स्क्वायड ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

About News Desk

Journalist covering latest updates.

साझा करें