अंग्रेजी न बोल पाने पर पति ने तोड़ी शादी, तीन महीने पहले हुई थी लव मैरिज | agra news
उत्तर प्रदेश के आगरा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां केवल अंग्रेजी ठीक से न बोल पाने की वजह से एक साल पुराना प्यार और तीन महीने पुरानी शादी महज कुछ दिनों में ही बिखर गई। इस अजीबोगरीब पारिवारिक विवाद ने हर किसी को चौंका दिया है।
मामले की शुरुआत करीब एक साल पहले हुई थी, जब दक्षिण भारत का रहने वाला एक युवक गुरुग्राम की प्राइवेट बैंक में नौकरी के सिलसिले में ट्रेनिंग पर आगरा आया था। यही उसकी मुलाकात स्थानीय युवती से हुई। दोनों की पहले दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। एक साल तक चले अफेयर के बाद दोनों ने तीन महीने पहले अपनी मर्जी से शादी कर ली थी।
लेकिन शादी के कुछ ही हफ्तों बाद उनके वैवाहिक जीवन में भाषा की दीवार खड़ी हो गई। पति दक्षिण भारत से होने के कारण हिंदी नहीं समझ पाता था और उसकी प्राथमिकता अंग्रेजी में संवाद करने की थी। वहीं, पत्नी को अंग्रेजी में बात करने में परेशानी होती थी और वह हिंदी में ही सहज थी। धीरे-धीरे यह भाषाई अंतर उनके बीच रोजमर्रा के झगड़े की वजह बन गया।
युवती का आरोप है कि पति उस पर सिर्फ अंग्रेजी में बात करने का दबाव बनाता था। जब भी वह हिंदी में कुछ कहती, तो पति उसके साथ अभद्रता करता था। इस प्रताड़ना से तंग आकर वह करीब पंद्रह दिन पहले अपने मायके लौट आई थी। विवाद बढ़ने पर मामले को परिवार परामर्श केंद्र में पहुंचाया गया, जहां दोनों पक्षों को बुलाया गया था। काउंसलिंग के दौरान पति ने साफ कह दिया कि वह दक्षिण भारत से है और हिंदी ठीक से नहीं समझ पाता, जबकि घर में अंग्रेजी को लेकर दोनों के बीच कोई सहमति नहीं बन पाई। अंततः पति ने पत्नी को साथ रखने से साफ इनकार कर दिया, जिससे यह रिश्ता पूरी तरह टूट गया। ऐसे मामले समाज में भाषा और आधुनिकता के नाम पर बढ़ती दूरियों को उजागर करते हैं, जो आपसी समझ और सम्मान की कमी को दर्शाते हैं।
