आगरा में अवैध संबंध के शक में पति ने की पत्नी की गला घोंटकर हत्या, गिरफ्तार | agra news
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में शक की दीमक ने एक हंसते-खेल्ते परिवार को उजाड़ दिया। न्यू आगरा थाना क्षेत्र के नगला हवेली इलाके में एक पति ने अपनी ही पत्नी की गला घोंटकर बेरहमी से जान ले ली। मृतका की पहचान 27 वर्षीय दीपमाला के रूप में हुई है, जो कि शहर के एक मॉल में नौकरी करती थी। इस जघन्य हत्याकांड के बाद से इलाके में असुरक्षा और सनसनी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी शिशुपाल मूल रूप से अलीगढ़ के अकराबाद थाना क्षेत्र स्थित एदलपुर गांव का रहने वाला है और वर्तमान में एक निर्माण कंपनी में चौकीदार के रूप में कार्यरत है। वर्ष 2016 में शिशुपाल और दीपमाला का विवाह हुआ था और उनके तीन बच्चे भी हैं। दंपती ने हाल ही में घटना स्थल वाले मकान में किराए पर कमरा लिया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पति अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसके चलते आए दिन दोनों के बीच विवाद होता रहता था।
घटना की रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी झड़प हुई थी, जिसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी ने कमरे को बाहर से बंद किया और अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए अलीगढ़ भाग गया। मृतका की मां जब बेटी के घर पहुंचीं, तब इस खौफनाक खुलासे का पता चला। उन्होंने तुरंत स्थानीय थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की SOG और स्थानीय टीम ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी पति को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद से मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
