मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन जारी, आज राष्ट्रपति से मिलेंगे INDIA ब्लॉक के सांसद | national news
देश की राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसआईआर के विरोध में विपक्ष का हंगामा लगातार चौथे दिन भी जारी है। राजनीतिक सरगर्मी के बीच विपक्षी दलों के सांसदों की आज दोपहर तीन बजे संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में एक अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक के बाद विपक्षी सांसदों द्वारा विभिन्न प्रमुख स्थानों की ओर मार्च निकालने की संभावना है, जिसे देखते हुए मध्य दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
तय कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज रात आठ बजे INDIA ब्लॉक के दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को मिलने का समय दिया है। विपक्षी दल लंबे समय से समय मांग रहे थे। इस प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात से राजनीतिक गतिरोध को सुलझाने में मदद मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि कई दिनों के पत्राचार के बाद यह समय मिला है, जहां वे अपनी प्रमुख मांगें राष्ट्रपति के समक्ष रखेंगे।
लगातार हो रहे उग्र प्रदर्शनों और झड़पों के बाद दिल्ली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। चुनाव आयोग के दफ्तर और मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास के आसपास सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया गया है। इसके अलावा कनॉट प्लेस, जंतर-मंतर और जनपथ रोड पर भारी बैरिकेडिंग की गई है। हालिया विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई घटनाओं के सिलसिले में कुछ विपक्षी नेताओं के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं, जिससे राजनीतिक पारा और चढ़ गया है।
बता दें कि पिछले तीन दिनों से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत तमाम विपक्षी सांसद लगातार सड़कों पर उतरकर विरोध जता रहे हैं। कभी राजघाट पर शांतिपूर्ण श्रद्धांजलि तो कभी जंतर-मंतर के पास सड़कों पर धरना देने के दौरान पुलिस के साथ उनकी तीखी नोंकझोक भी देखने को मिली है। इस पूरे घटनाक्रम से आम जनजीवन और यातायात भी प्रभावित हुआ है, जिससे राजधानी के नागरिकों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
