UGC नए नियम वापस लें: पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी ने PM को लिखा पत्र, सवर्ण समाज में आक्रोश
पूर्व भाजपा सांसद और पूर्व मंत्री सत्यदेव पचौरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए प्रावधानों को वापस लेने पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया है। पचौरी के अनुसार, इन नए नियमों को लेकर सवर्ण समाज में भारी आक्रोश है, जिसका सीधा असर युवाओं और विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि अगर यूजीसी के नियम वापस नहीं हुए तो भविष्य में पार्टी को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
पचौरी ने पत्र में अपने हालिया राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के दौरों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इन दौरों के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों से बातचीत में उन्हें सवर्ण समाज के युवाओं और विद्यार्थियों के बीच यूजीसी के नए प्रावधानों को लेकर गहरा असंतोष महसूस हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि राजस्थान में करणी सेना ने आंदोलन का ऐलान किया है, जबकि कई जिलों में सवर्ण संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया है। कानपुर में भी इस मुद्दे पर विरोध सामने आया है।
प्रधानमंत्री से आग्रह करते हुए पचौरी ने कहा कि सरकार को यूजीसी के नए प्रावधानों को वापस लेने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। इससे सवर्ण समाज में यह संदेश जाएगा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार संवेदनशील है और किसी भी वर्ग के साथ अन्याय नहीं होने देगी। अपने लंबे राजनीतिक जीवन का हवाला देते हुए, उन्होंने प्रधानमंत्री से पार्टी और जनहित में इस मामले में शीघ्र निर्णय लेने का अनुरोध किया, ताकि समाज में उपजा आक्रोश समाप्त हो और सरकार व पार्टी की छवि और मजबूत हो।
