त्योहारी सीजन में ट्रेन टिकट बुकिंग मुश्किल: लंबी दूरी की ट्रेनों में सीट मिलना कठिन, रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें
त्योहारी सीजन के चलते अक्टूबर महीने में लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रा करने की योजना बना रहे यात्रियों के लिए अच्छी खबर नहीं है। अधिकांश ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं और लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है। खासकर एसी द्वितीय, तृतीय, इकोनॉमी और स्लीपर क्लास में वेटिंग की स्थिति गंभीर है। एसी प्रथम श्रेणी में भी वेटिंग पांच से दस तक पहुंच गई है।
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनों के संचालन और मौजूदा ट्रेनों में एक से दो अतिरिक्त कोच जोड़ने का प्रस्ताव तैयार किया है। आगरा रेल मंडल से हर दिन औसतन एक लाख यात्री सफर करते हैं, जिसमें कैंट, मथुरा और आगरा फोर्ट स्टेशनों से बड़ी संख्या में यात्री शामिल हैं। कैंट और मथुरा जंक्शन से प्रतिदिन लगभग 20 हजार टिकटों की बुकिंग होती है।
वर्तमान में, एसी द्वितीय श्रेणी में 30-40, एसी तृतीय में 40-50, इकोनॉमी क्लास में 55-65 और स्लीपर क्लास में 80-90 तक की वेटिंग चल रही है। तत्काल टिकट मिलना भी आसान नहीं है, जिसमें भी एक से दस तक की वेटिंग रहती है। रेलवे हेल्पलाइन पर प्रतिदिन 400 से अधिक शिकायतें आती हैं, जिनमें से लगभग 150 सीटें न मिलने से संबंधित होती हैं।
यात्रियों ने बताया कि जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस में एक अक्टूबर की स्लीपर क्लास की बुकिंग में 50 से अधिक की वेटिंग है। इसी तरह, आगरा से अहमदाबाद जाने वाली एसी तृतीय श्रेणी में भी 45 की वेटिंग चल रही है। रेलवे जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बीच-बीच में स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाता है और ट्रेनों में कोच भी बढ़ाए जाते हैं।
