अखिलेश का जयंत पर हमला: ‘चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी साथ छोड़ गए’
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पुराने गठबंधन के साथी रहे राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) और उसके नेता जयंत चौधरी पर बिना नाम लिए तीखा हमला बोला है। लखनऊ में वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा, “कुछ गठबंधन भी ऐसे किए हम लोगों ने, जाने कहां-कहां से आ गए थे गठबंधन वाले। बताओ, हम लोगों ने चवन्नी का रुपया बना दिया, तब भी हमें छोड़कर चले गए।”
यह बयान 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले आरएलडी के समाजवादी पार्टी से गठबंधन तोड़कर भारतीय जनता पार्टी के साथ जाने के संदर्भ में देखा जा रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी अब पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को साथ लेकर सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर सामाजिक न्याय का राज स्थापित किया जाएगा और आरक्षण के जरिए सभी वर्गों को बराबरी का अधिकार दिलाया जाएगा।
अखिलेश यादव ने 2022 के विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया, जब सपा सरकार बनाते-बनाते रह गई थी। उन्होंने कहा कि करीब साढ़े तीन लाख वोट और मिल जाते तो प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बन सकती थी। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के बेहतर प्रदर्शन का दावा करते हुए भाजपा सरकार पर सड़कों की खराब स्थिति, भ्रष्टाचार और पुलिस व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने सरकार के विकास के दावों और एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य पर भी कटाक्ष किया।
गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा और आरएलडी ने मिलकर चुनाव लड़ा था, जिसमें आरएलडी को 33 सीटें मिली थीं और उसने आठ पर जीत दर्ज की थी।
