ताजमहल में तिरंगा फहराया: हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं को CISF ने पकड़ा, UP पुलिस को सौंपा
आगरा के प्रतिष्ठित ताजमहल परिसर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं द्वारा तिरंगा फहराने का मामला सामने आया है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने इन कार्यकर्ताओं को तुरंत हिरासत में ले लिया और आगे की कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हिंदू महासभा लगातार ताजमहल को ‘तेजो महालय’ (एक प्राचीन शिव मंदिर) होने का दावा करती रही है और वहां धार्मिक अनुष्ठान करने की अनुमति की मांग कर रही है। संगठन का कहना है कि जब ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है, तो ताजमहल को इससे दूर नहीं रखा जा सकता।
इससे पहले भी, श्रावण मास के दौरान संगठन के पदाधिकारी ताजमहल में जलाभिषेक करने का प्रयास कर चुके हैं, लेकिन उन्हें पुलिस ने रोक दिया था। बाद में, पुलिस की सुरक्षा में उन्हें राजेश्वर महादेव मंदिर ले जाकर जलाभिषेक की अनुमति दी गई थी। ताजमहल के अंदर झंडा फहराने वाले कार्यकर्ताओं से पुलिस पूछताछ कर रही है।
