लखनऊ में 18वें ब्रिक्स अकादमिक फोरम की तैयारियां तेज, CM करेंगे उद्घाटन
लखनऊ विश्वविद्यालय 23 से 25 अगस्त तक 18वें ब्रिक्स अकादमिक फोरम की मेजबानी के लिए तैयार है। इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ओआरएफ) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी से मुलाकात की। इस मुलाकात में आयोजन की व्यवस्थाओं और अकादमिक कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा हुई।
यह फोरम भारत की वर्ष 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसका आयोजन विदेश मंत्रालय, ओआरएफ और लखनऊ विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अंतरराष्ट्रीय अकादमिक मंच का उद्घाटन करेंगे।
इस वर्ष फोरम की मुख्य विषय-वस्तु ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ रखी गई है। इसमें ब्रिक्स देशों के प्रमुख शिक्षाविद, विशेषज्ञ, शोधकर्ता और नीति क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे। करीब 85 विदेशी प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है।
लखनऊ विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग की इस आयोजन में अहम भूमिका है। विभाग के सदस्य अकादमिक समन्वय और तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ संवाद, विभिन्न सत्रों का समन्वय और विश्वविद्यालय के शिक्षकों व शोधार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
ओआरएफ ब्रिक्स थिंक टैंक परिषद में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली प्रमुख संस्था है। ब्रिक्स अकादमिक फोरम ब्रिक्स देशों के शिक्षाविदों, विशेषज्ञों और नीति निर्माताओं को वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श का अवसर देता है। फोरम की चर्चाओं और सिफारिशों से ब्रिक्स के आधिकारिक विमर्श को दिशा मिलने की उम्मीद है।
इस आयोजन से लखनऊ और उत्तर प्रदेश को वैश्विक अकादमिक और नीतिगत विमर्श के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने का अवसर मिलेगा। यह विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ संवाद का एक अनूठा मंच प्रदान करेगा।
लखनऊ: प्लॉट के नाम पर 14 लाख ठगे, कंपनी निदेशक समेत चार पर FIR
लखनऊ में तिरंगा यात्रा: चिनहट में गूंजे ‘भारत माता के जयकारे’
लखनऊ में सफाई व्यवस्था की पोल खुली, प्रभारी मंत्री ने एजेंसी पर लगाया पांच लाख का जुर्माना
Lucknow News: फर्राटा पंखे का तार लगाते समय करंट लगने से महिला की दर्दनाक मौत, परिवार में मातम
