आगरा पुलिस ने पकड़े शातिर चोर, धूल जमी देखकर तोड़ा ताला और किया घर साफ
आगरा पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो बंद घरों को निशाना बनाता था। ये चोर दरवाजे के सामने जमी धूल देखकर अंदाजा लगा लेते थे कि घर मालिक बाहर गया हुआ है और फिर रात में ताला तोड़कर लाखों की चोरी कर लेते थे। सदर के उखर्रा इलाके में इसी तरह एक घर से एक लाख रुपये नकद और 20 तोला सोने के जेवरात चोरी हुए थे।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों, रजनीकांत और विजय को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 2.82 लाख रुपये नकद और 98 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उन्हीं घरों को चुनते थे जिनके दरवाजों के बाहर धूल जमी होती थी। वे रात में एक से चार बजे के बीच वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पुराने रिकॉर्ड खंगालकर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता पाई। चोरी के जेवरात को उन्होंने सुनार से गलवाकर बेच दिया था, जिससे मिली रकम भी बरामद की गई है। इस घटना से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
