गोसाईंगंज से युवक के लापता होने के बाद हत्या की आशंका, पुलिस की तलाश जारी
गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के सिठौली कलां गांव से एक युवक के लापता होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की गुहार लगाई है। घटना 18 जून की बताई जा रही है, जब युवक दीपक गांव के बाहर एक शराब ठेके पर बैठा था।
आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही औसान का दामाद विशाल अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और दीपक को जबरन अपने साथ ले गया। तब से दीपक का कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है और हत्या कर शव नहर में फेंकने की आशंका जताई है।
इस घटना ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनकी निशानदेही पर दीपक की तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर डीके सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही युवक को खोजने का प्रयास किया जाएगा।
