अयोध्या चढ़ावे में गड़बड़ी पर अखिलेश का भाजपा पर हमला, कहा ‘लोकतंत्र खतरे में’
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर अयोध्या में भगवान राम के चढ़ावे में बड़े पैमाने पर घोटाला करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सीसीटीवी फुटेज भी गायब हैं, जो सरकार की संलिप्तता की ओर इशारा करते हैं। यादव ने यह भी कहा कि भाजपा योग को केवल एक राजनीतिक तमाशा बनाकर उसका राजनीतिक इस्तेमाल करती है।
पार्टी मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर साजिशें रचने का आरोप लगाया और कार्यकर्ताओं को इससे सावधान रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना आवश्यक है, अन्यथा वोट का अधिकार भी छिन सकता है, क्योंकि भाजपा लोकतंत्र को खत्म करने पर उतारू है। यह लोकतंत्र की परीक्षा की घड़ी है और 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता के सहयोग के बाद 2027 के चुनावों में कोई लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
अखिलेश यादव ने जोर देकर कहा कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मतदाताओं और आम जनता के लगातार संपर्क में रहना होगा। उन्हें भाजपा की साजिशों पर पैनी नजर रखनी होगी, क्योंकि वह टेक्नोलॉजी का दुरुपयोग कर मतदाता सूची में गड़बड़ी कर सकती है। उन्होंने कन्नौज को समाजवादी विचारधारा का क्षेत्र बताते हुए कहा कि भाजपा ने वहां विकास रोक दिया है और सपा के खिलाफ अन्य दलों से भी प्रत्याशी खड़े कर सकती है, इस साजिश से भी सावधान रहना होगा।
सपा मुखिया ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को सपा के कामों और नीतियों की जानकारी देने का आह्वान किया। उन्होंने एकजुटता, आपसी सम्मान और शिष्टाचार के साथ काम करने पर जोर दिया। उन्होंने वादा किया कि समाजवादी सरकार में उच्च स्तर के मेडिकल और पैरा मेडिकल कॉलेज बनाए जाएंगे, इलाज मुफ्त होगा, सिंचाई और बिजली की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, और मक्का व आलू उत्पादकों की लूट बंद होगी। कन्नौज के काऊ मिल्क प्लांट को भी पुनः चालू किया जाएगा।
