कानपुर: पड़ोसी ने कक्षा 4 की छात्रा से किया दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज
कानपुर के हरवंश मोहाल इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 10 वर्षीय कक्षा चार की छात्रा से उसके पड़ोसी अधेड़ ने दुष्कर्म किया। यह घटना शहर में child safety पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम को छात्रा जब पास की दुकान से सामान खरीदने जा रही थी, तभी इलाके में रहने वाले 55 वर्षीय टेलर देवराज सैनी ने उसे पान मसाला लाने को कहा। आरोप है कि जब छात्रा मसाला देने पहुंची तो आरोपी उसे बहाने से घर के अंदर ले गया और दुष्कर्म किया।
घटना के बाद डरी-सहमी छात्रा घर पहुंची और अपनी मां को आपबीती सुनाई। इसके बाद पीड़ित परिवार ने तत्काल हरवंश मोहाल पुलिस से शिकायत की। एसीपी आशुतोष सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी देवराज सैनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पर दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। इस घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है।
