Aligarh news: दीवार काटकर डेयरी से लाखों के तांबे के तार चोरी, पुलिस जांच में जुटी
अलीगढ़ जिले में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। रोरावर थाना क्षेत्र के खैर रोड पर स्थित मैसर्स भोले बाबा मिल्क फूड इंडस्ट्रीज लिमिटेड में अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के तांबे के तार चोरी कर लिए। चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए डेयरी परिसर की पिछली दीवार को काटा और अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने एक कमरे का दरवाजा तोड़कर वहां रखे तांबे के तार चुरा लिए।
चोरी हुए तारों का वजन करीब 425 किलोग्राम बताया जा रहा है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 91 हजार रुपये है। घटना का पता अगले दिन सुबह डेयरी स्टाफ को चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। डेयरी के एचआर मैनेजर मुरली मनोहर भटनागर ने इस संबंध में रोरावर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
