Aligarh news: दरोगा की मौत के मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया, ड्राइवर हिरासत में
अलीगढ़ के सासनीगेट चौराहे पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। लोधा की ओर जा रहे दरोगा ब्रषपाल सिंह को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया था। मृतक ब्रषपाल सिंह मैनपुरी जिले के भवानीगढ़ निवासी थे और यूपी पुलिस में कार्यरत थे।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने मंगलवार को आरोपी ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। इसके साथ ही ट्रैक्टर चालक को भी हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है।
मृतक दरोगा के परिजन अभी तक थाने में शिकायत दर्ज नहीं करा पाए हैं। पुलिस के अनुसार, परिजन अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में व्यस्त थे। थाना प्रभारी राजवीर सिंह परमार ने बताया कि परिजनों के आने के बाद तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
