कानपुर देहात में संचारी रोगों के प्रति जागरूकता अभियान शुरू, जानें क्या हैं खास
कानपुर देहात में संचारी रोगों के खिलाफ एक महीने का जागरूकता अभियान बुधवार से शुरू हो गया है। सीएचसी अकबरपुर में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि गांवों में जल निकासी, स्वच्छता, शुद्ध पेयजल और समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को संवेदनशील 47 गांवों में नालियों की सफाई और एंटी लार्वा फागिंग जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके सिंह ने बताया कि यह अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक ‘दस्तक अभियान’ भी चलाया जाएगा। इस दौरान टीमें घर-घर जाकर बीमारियों की जानकारी जुटाएंगी और लोगों को बचाव के तरीके बताएंगी। इस अभियान का उद्देश्य आमजन को संचारी रोगों के प्रति सचेत करना और उनके बचाव के उपायों को अपनाना सुनिश्चित करना है, जिससे बीमारियों के प्रसार को रोका जा सके।
