यूपी में अगले तीन दिन बारिश का अलर्ट, जानें किन जिलों में होगी Heavy Rain
उत्तर प्रदेश में मौसम में एक बार फिर बदलाव की आहट सुनाई दे रही है। विभिन्न मौसम प्रणालियों के एक साथ सक्रिय होने के कारण, 30 मार्च से 1 अप्रैल तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही गर्मी के बीच यह मौसमी बदलाव लोगों को कुछ राहत प्रदान कर सकता है। हालांकि, अचानक बदलते मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की भी सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का नया दौर 29 मार्च की देर शाम या रात से शुरू होगा, जो 30 मार्च को अपने चरम पर रहेगा और 1 अप्रैल तक जारी रह सकता है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि पूर्वी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 30 और 31 मार्च को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा और गरज-चमक का प्रभाव देखा जाएगा। 1 अप्रैल को पश्चिमी यूपी में मौसम साफ होने लगेगा, जबकि पूर्वी यूपी के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी रह सकती है।
किसानों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे पकी हुई फसलों की शीघ्र कटाई कर सुरक्षित स्थानों पर रख लें। तेज हवाओं और बारिश से गेहूं, सरसों, चना और अन्य फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घर के अंदर रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और बिजली उपकरणों को सुरक्षित रखें।
किन जिलों में अलर्ट?
मौसम विभाग ने 29 से 31 मार्च के बीच कई जिलों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। कुछ स्थानों पर हवा की गति झोंकों में 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। जिन जिलों में मेघगर्जन/वज्रपात की संभावना है, उनमें श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर शामिल हैं।
