आलू के भाव गिरे, किसानों की चिंता बढ़ी, कोल्ड स्टोर पर अमोनिया संकट का खतरा
अलीगढ़ में आलू की खेती करने वाले किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरा गई हैं। इस बार आलू के भाव इतने गिर गए हैं कि किसानों की लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। मंडी में चिपसोना आलू का भाव 400 से 450 रुपये प्रति बैग है, जबकि छोटे आलू 300 से 350 रुपये में बिक रहे हैं। 37,97 वैरायटी का आलू भी 350 से 400 रुपये प्रति बैग के भाव पर बेचा जा रहा है। यह स्थिति पिछले साल के बिल्कुल विपरीत है, जब आलू का भाव 700 से 800 रुपये प्रति बैग तक पहुंचा था और किसानों को अच्छा मुनाफा हुआ था।
किसानों की परेशानी यहीं खत्म नहीं होती। कोल्ड स्टोर पर अमोनिया संकट ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कोल्ड स्टोर संचालकों का कहना है कि अमोनिया की कमी के कारण आलू के खराब होने का खतरा है। ऐसे में, जहां किसान अपना आलू कोल्ड स्टोर में रखवा रहे हैं, वहीं कोल्ड संचालकों को एडवांस फंसा होने का डर सता रहा है। अगर आलू खराब हुआ तो नुकसान किसानों और कोल्ड संचालकों दोनों का होगा।
आढ़तियों का कहना है कि आलू के भाव में यह गिरावट अप्रत्याशित है। कोल्ड स्टोर संचालकों ने यह भी आशंका जताई है कि आने वाले समय में स्थिति और खराब हो सकती है, क्योंकि अमोनिया की कमी एक बड़ी समस्या बनी हुई है।
