Agra: बीमा पॉलिसी के नाम पर सहायक अध्यापिका से 2.78 लाख की ठगी, एजेंट पिता-पुत्र पर केस दर्ज
आगरा में बीमा पॉलिसी के नाम पर एक सहायक अध्यापिका से 2.78 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। लोहामंडी निवासी सहायक अध्यापिका के पति ने शिकायत दर्ज कराई है कि बीमा एजेंट पिता-पुत्र ने उनकी पत्नी से पॉलिसी की रकम वसूल कर हड़प ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी एजेंटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सहायक अध्यापिका के पति ने बताया कि उनकी पत्नी ने सदर क्षेत्र स्थित एक कॉलेज में सहायक अध्यापिका हैं। उन्होंने निखिल गार्डन शमसाबाद रोड निवासी श्याम सुंदर शर्मा और उसके पुत्र आदित्य शर्मा से करीब सात बीमा पॉलिसियां कराई थीं। किस्तों के रूप में पीड़ित ने चेक और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए 2,78,480 रुपये की रकम एजेंटों को दी थी।
आरोप है कि आरोपी पिता-पुत्र ने यह धनराशि पॉलिसियों में जमा नहीं की और उसे अपने निजी खर्च में इस्तेमाल कर लिया। पीड़ित ने पहले लोहामंडी थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई संज्ञान नहीं लिया गया। इसके बाद डीसीपी सिटी से शिकायत करने पर पुलिस ने अब आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
