UP electricity news: बिजली कटौती की सूचना न देने पर इंजीनियरों पर होगी कार्रवाई
बिजली उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए मध्यांचल विद्युत निगम ने सख्त रुख अपनाया है। निगम की एमडी रिया केजरीवाल ने उन जूनियर इंजीनियरों और एसडीओ पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं जो बिजली कटौती (शटडाउन) और ब्रेकडाउन की सूचना उपभोक्ताओं को समय पर नहीं देते हैं। यह फैसला उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लक्ष्य के तहत लिया गया है।
एमडी ने बुधवार को महानगर कार्यालय के निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता वीपी सिंह को यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की बिजली समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नाराजगी व्यक्त की कि इंजीनियर ऐप पर शटडाउन और ब्रेकडाउन की सूचना देरी से डाल रहे हैं या डाल ही नहीं रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर ऐप के माध्यम से उपभोक्ताओं को सूचना दी जाए।
इसके अलावा, एमडी ने जूनियर इंजीनियरों को हर दो घंटे में 1912 पोर्टल पर लॉगिन करके शिकायतों की रिपोर्ट जांचने का भी निर्देश दिया। यह कदम उपभोक्ता सेवाओं में सुधार और पारदर्शिता लाने के लिए उठाया गया है।
